बीजेपी सांसद रमा देवी को लेकर अभद्र टिप्पणी के लिए समाजवादी पार्टी के रामपुर से सांसद आजम खान ने सोमवार को दो-दो बार माफी मांगी। आजम खान ने माफी मांगते हुए कहा, ‘चेयर के लिए कोई भावना ऐसी हो कि गलत हो, संभव नहीं है मेरे लिए। अगर फिर भी कोई अहसास है तो उसके लिए मैं क्षमा चाहता हूं।’ उन्होंने कहा, ‘रमा देवी मेरी बहन की तरह हैं।’ इसके बावजूद रमा देवी की नाराजगी जारी है। इस बीच सपा सांसद अखिलेश यादव ने उन्नाव का मुद्दा उठा दिया।आजम खां ने कहा कि मैं कई बार विधायक रहा हूं, राज्यसभा सदस्य रहा हूं। अगर चेयर को लगता है कि मुझसे कोई गलती हुई है तो मैं क्षमा चाहता हूं। उन्होंने कहा कि रमा देवी मेरी बहन जैसी हैँ।
आजम की माफी मांगने के बाद बीजेपी सांसद रमा देवी ने कहा कि सदन में आजम खां ने जो कहा कि उसको पूरे देश ने सुना है। मैं इस तरह की बात सुनने के लिए सदन में नहीं आई हूं। इनकी तो आदत बिगड़ी हुई है।सदन की कार्रवाही शुरू होने से पहले आजम खां और अखिलेश यादव ने लोकसभा स्पीकर के साथ बैठक की। उनके साथ बीजेपी सांसद रमा देवी भी मौजूद थीं।

