रांची: 1 फरवरी की रात बेड़ो में नर्स के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस 72 घंटे बाद बुधवार की रात गिरफ्तार कर ली है. आरोपी गणेश महली बेड़ो बस्ती का रहने वाला है. उसने स्वीकार किया है कि वे 1 फरवरी की रात शराब के नशे में महिला नर्स के साथ छेड़खानी की थी.
गणेश महली की गिरफ्तारी का बेड़ो बस्ती में उनके परिजन विरोध कर रहे हैं. विरोध में लगभग 100 परिजन गुरुवार की सुबह बेड़ो थाना पहुंच गए और 2 घंटे तक थाना के मुख्य गेट पर हंगामा किया. परिजनों का कहना है कि पुलिस ने दबाव में गलत व्यक्ति को गिरफ्तार किया है.
वहीं डीएसपी दयामनी बारला ने बताया कि पूरी जांच पड़ताल के बाद साक्ष्य के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. गुरुवार को कोर्ट में पेशी कराई जाएगी जहां महिला नर्स के पहचान करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया जाएगा .
इससे पहले बुधवार को एएनएम-जीएनएम कर्मचारी संघ के बैनर तले जिले भर की नर्सों ने प्रदर्शन किया था. कहा था कि अगर 24 घंटे के अंदर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे काम का बहिष्कार करेंगी. उन्होंने कहा था कि अगर 24 घंटे के अंदर गिरफ्तारी नहीं हुई तो स्वास्थ्य व्यवस्था को ठप कर देंगी.
गणेश महली की गिरफ्तारी के विरोध में ग्रामीण सड़क पर बैठ गए. इसके कारण बड़ो मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई. यातायात प्रभावित हो गया. स्थिति को देखते हुए थाने में अतिरिक्त बल मंगा लिए गए थे. हालांकि डीएसपी के समझाने और आश्वासन के बाद सभी ग्रामीण मान गए. अब बेड़ो में स्थिति पूरी तरह सामान्य है.

