झारखंड में मानसून के आगमन की आहट हो चुकी है। 22 जून को संताल परगना के रास्ते झारखंड में मानसून के प्रवेश की संभावना व्यक्त की गई है।
इससे पूर्व 20 जून से ही पूरे प्रदेश में हल्के व मध्यम दर्जे की बारिश हो जाएगी। इसे प्री-मानसून बारिश कहा जाता है। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि फिलहाल मानसून बांग्लादेश होते हुए उत्तरी सिक्किम पहुंच चुका है।
उन्होंने कहा कि अब पूरे राज्य में हीट वेव की स्थिति खत्म हो गई है। अभी आंशिक रूप से बादल छाए हैं। हालांकि सामान्य तापमान की अपेक्षा अधिकतम तापमान में थोड़ी वृद्धि दर्ज की जा रही है, लेकिन धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो जाएगी। उन्होंने बताया कि मानसून के आगमन में हो रहे विलंब को लेकर किसानों को चिंतित होने की जरूरत नहीं है।