रांची: विकास भारती बिशुनपुर के रांची कार्यालय परिसर, आरोग्य भवन-1, बरियातु रोड, रांची में इन्दिरा गाँधी राष्ट्रीय कला केन्द्र के साथ संस्था की ओर से किये गये एम॰ओ॰यू॰ पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुये सचिव अशोक भगत ने कहा कि जनजातीय लोक कला, संस्कृति और विभिन्न प्रकार के पारम्परिक तथ्यों पर शोध और संदर्भ संकलन का स्वपन आज पूरा होते दिख रहा है. इस स्वप्न को साकार करने में इन्दिरा गाँधी राष्ट्रीय कला केन्द्र की सहभागिता और सहयोग हमारे और हमारी संस्था के लिए मिल का पत्थर साबित होगा. हम इन्दिरा गाँधी राष्ट्रीय कला केन्द्र के आभारी हैं.
कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान इन्दिरा गाँधी राष्ट्रीय कला केन्द्र के सदस्य सचिव डॉ॰ सचिदानन्द जोशी ने कहा कि में विकास भारती के साथ समझौता करके बहुत प्रसन्न हुँ. इन्दिरा गाँधी राष्ट्रीय कला केन्द्र संदर्भ, संस्कृति, सांस्कृतिक धरोहर, कला, लोक परम्परा, लोक व्यवहार के संग्रह और संदर्भ संग्रह का केन्द्र है. विगत 5 वर्षां से हम लोग देश के विभिन्न भागों में अपनी गतिविधि संचालित कर रहे हैं. संस्था को आप लोगों के साथ काम करने में आनन्द आयेगा. जोशी ने कहा कि बहुत दिनों से विकास भारती के संदर्भ में सुनने को मिल रहा था. आज प्रत्यक्ष रूप से संस्था के द्वारा सृजन को देखने का मौका मिला है. हम आपको विश्वास दिलाते हैं कि आप जिस तरह तनमयता से काम कर रहे हैं उसी तरह बिना किसी सरकारी दबाव के सहयोग करेंगे. हम आप लोगों के साथ मिल कर काम करेंगे और भारत की विशाल परम्परा को संग्रहित करने में हम आपका सहयोग करेंगे.
कार्यक्रम में विशुनपुर विकास भारती, जनजातीय शोध संस्थान के प्रथम अध्यक्ष रहे आदरणीय शिवशंकर उरांव जी ने विकास भारती, जनजातीय शोध संस्थान एवं जनजातीय परम्परा पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की सकारात्मकता को प्रचारित करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि अब लगता है हम लोगों ने जो पूर्व में सोचा है वह पूरा होगा.
इस अवसर पर इन्दिरा गाँधी राष्ट्रीय कला केन्द्र के रिजिनल डायरेक्ट्र कुमार सतीश झा, विकास भारती के अध्यक्ष डॉ॰ कृष्ण कुमार नाग, संस्था के वरीय उपाध्यक्ष डॉ॰ अजय सिंह, खाद्य सुरक्षा आयोग की सदस्या रंजना चौधरी, रांची की मेयर आशा लकड़ा, ट्राईबल स्टडी सेन्टर, विकास भारती के निदेशक डॉ॰ प्रदीप मुण्डा, पूर्व निदेशक ट्राईबल स्टडी सेन्टर विकास भारती बिशुनपुर सह पूर्व विधायक गुमला शिवशंकर उरांव के अलावे संस्था के कार्यकारिणी के सदस्यगण उपस्थित रहे. यह जानकारी विकास भारती मीडिया प्रभारी अरविन्द कुमार द्वारा दी गई.
