रांची : होल्डिंग टैक्स कलेक्शन करने वाली कंपनी स्पैरो सॉफ्टटेक को रांची नगर निगम सेवा विस्तार देगा. इसकी सूचना नगर विकास सचिव को दे दी गई है. महापौर आशा लकड़ा ने बताया कि रांची नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत सभी गृहधारकों को गृह कर के दायरे में लाने तथा आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने हेतु स्पैरो सॉफ्टटेक के साथ करार है. करार की अंतिम तिथि 12 अगस्त, 2020 को समाप्त हो रही है. स्पैरो सॉफ्टटेक के द्वारा पत्र लिखकर कार्य विस्तार देने के अनुरोध प्राप्त होने पर रांची नगर निगम परिषद की बैठक में मूल्यांकन आकलन के बाद कार्य विस्तार पर स्वीकृति दी गई है.
निगम परिषद् की बैठक में लिए गए निर्णय पर नगर आयुक्त को निर्देश दिया है कि स्पैरो सॉफ्टटेक के कार्य विस्तार प्रक्रिया पूरी करें. महापौर ने बताया कि मंगलवार को नगर विकास सचिव को पत्र लिखकर रांची नगर निगम परिषद् के माध्यम से कार्य विस्तार दिये जाने की जानकारी दे दी गई है. साथ ही रांची नगर निगम क्षेत्र में राजस्व संग्रहण हेतु निविदा आमंत्रित नहीं करने की बात कही गयी है.