रांची: भारत सरकार की एक भारत श्रेष्ठ भारत योजना के तहत पॉन्डिचेरी में आगामी 27 से 30 दिसंबर तक आयोजित होने वाली आल इंडिया टग ऑफ वार इंटीग्रेशन चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए झारखंड टीम की घोषणा कर दी गई है. इस बावत आज हाउसिंग कॉलोनी वेलफेयर सोसाइटी पार्क कैंपस में खिलाडियों का सिलेक्शन ट्रायल आयोजित हुआ जिसमें छह पुरुष तथा छह महिलाओं का चयन किया गया.
महिला टीम में किरण सिंह, सोनामोति कुमारी, अरिता कुमारी, भारती कुमारी, सरिता कुमारी तथा उषा कुमारी को शामिल किया गया है जबकि पुरषों की टीम में प्रियांशु श्रीवास्तव, अनिल प्रसाद महतो, संदीप पासवान, बिपुल मिश्रा, कृष्णा कुमार शाव तथा संतोष कुमार को शामिल किया गया है. महिला टीम का नेतृत्व ममता पांडेय द्वारा किया जायेगा जबकि पुरुष टीम का नेतृत्व रंजीत केशरी करेंगे.
ज्ञात हो कि विभिन्न भाषा, संस्कृति, धर्मों एवं परिधानों के लिए प्रचलित हमारे देश भारत के अलग अलग प्रान्तों के लोगों को एक दूसरे की भाषा, वेशभूषा, खान -पान तथा सांस्कृतिक भिन्नताओं से परिचित कराते हुए श्रेष्ठ भारत के निर्माण के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा चलाये जा रहे एक भारत श्रेष्ठ भारत योजना के तहत देश के दो अलग- अलग राज्यों अथवा केंद्रशासित प्रदेशों को एक सिमित अवधी के लिए एक दूसरे का साझेदार बनाया गया है जिसमें झारखंड के साथ गोवा की साझेदारी सुनिश्चित की गई है.
योजना के तहत दोनों राज्य मिलकर कई प्रकार के सांस्कृतिक, शैक्षणिक तथा खेल- कूद जैसे कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे.
इस योजना के तहत भारतीय खेल प्राधिकरण, खेल मंत्रालय तथा टग ऑफ वॉर फेडरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वाधान में आगामी 27 से 29 दिसंबर तक पॉन्डिचेरी स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम के हैंडबॉल ग्राउंड में टग ऑफ वॉर नेशनल इंटीग्रेशन चैंपियनशिप का आयोजन हो रहा है जिसमें झारखंड टग ऑफ वार एसोसिएशन के खिलाडी गोवा के खिलाडियों के साथ एक टीम के रूप में सिरकत करेंगे.
टीम को बेहतर प्रदर्शन के लिए झारखंड टग ऑफ वॉर एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय अग्रवाल तथा धनबाद जिला टग ऑफ वॉर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश यादव तथा महासचिव मृदुल बोस एवं संयुक्त सचिव प्रियरंजन कुमार ने सुभकामनाएं दी है. उपरोक्त जानकारी झारखंड टग ऑफ वार एसोसिएशन के महासचिव रंजीत केशरी ने दी.

