लोहरदगा: झारखंड में एक बार फिर सुरक्षाबल के जवानों को नक्सलियों ने बड़ा झटका देने की कोशिश की है. प्रदेश के लोहरदगा में एक आईईडी ब्लास्ट में सुरक्षाबल का एक जवान जख्मी हो गया है. यह आईईडी धमाका उस समय हुआ जब सुरक्षाबल के जवान नक्सल विरोधी अभियान के तहत गश्ती कर रहे थे. इसी दौरान अचानक दश्ते में शामिल सैट जवान का पैर आईईडी पर पड़ गया. धमाके की वजह से सेरेंगदाग थाने में तैनात सैट जवान बुरी तरह से जख्मी हो गया है.
लोहरदगा जिले के सुदूरवर्ती सेरेंगदाग थाना क्षेत्र के दुंदरु जंगल में आईईडी ब्लास्ट के बाद इलाके में सुरक्षाबलों ने गश्ती तेज कर दी है. जानकारी के मुताबिक, आईईडी धमाके की वजह से सैट जवान का एक पैर बुरी तरह से जख्मी हुआ है.
घटना के बाद सीआरपीएफ और जिला पुलिस बल के जवानों ने दुंदरू मैदान की घेराबंदी कर दी. जवान का तत्काल प्राथमिक इलाज करने के बाद उसे हेलीकॉप्टर की मदद से रांची ले जाया जा रहा है. हालांकि आईईडी ब्लास्ट मामले को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
दुंदरू जंगल में आईईडी ब्लास्ट की घटना को लोहरदगा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के खिलाफ नक्सलियों का झटका माना जा रहा है. बताया गया कि जिला पुलिस बल और सीआरपीएफ 158 बटालियन के जवान नक्सल विरोधी अभियान में निकले हुए थे. इस अभियान में सेरेंगदाग थाने के सैट जवान भी शामिल थे. जवान जैसे ही दुंदरू जंगल के समीप पहुंचे, अचानक सैट के जवान का पैर आईईडी के ऊपर पड़ गया, जिससे ब्लास्ट हो गया.

