अरविन्द पटेल,
UP: महाराजगंज के सोनौली में बीते दिन एक नेपाली युवक की सड़क के किनारे मौत हो गई थी. वह कोरोना संक्रमित निकला जिससे जिले में माहौल गरमाने लगा. वैसे विभागीय सूत्रों के मुताबिक मृतक युवक के शव को परिजनों के इंतजार में सुरक्षित रखा गया है.
जानकारी के मुताबिक मुंबई से अपने साथियों के साथ लौटे इस युवक के कोरोना संक्रमित निकलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है. उसके शव को जिला अस्पताल के मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है. आला अफसर इस मामले में प्रशासन के संपर्क में हैं. वहीं, मृतक के परिजनों से बात की जा रही है.
परिजनों के आने के बाद शव का कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार किया जाएगा. नेपाल के त्रिवेणी का रहने वाला यह युवक मुंबई में चाइनीज नूडल्स फैक्ट्री में काम करता था. बुधवार को वह सोनौली पहुंचा. वह जिस बस में सवार था, उसमें 40 लोग बैठे बताए जा रहे हैं. सोनौली में वह सड़क के किनारे सो गया और वहीं उसकी मौत हो गई.
युवक की मौत के बाद उसके शव को जिला अस्पताल के मोर्चरी में लाया गया. शव से स्वाब लेकर जांच के लिए मेडिकल कालेज भेजा गया. गुरुवार की शाम मिली रिपोर्ट में वह कोरोना संक्रमित निकला.
सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव ने बताया कि उसके संपर्क में आए लोगों को ट्रेस कर उनकी जांच कराई जाएगी. जिलाधिकारी महराजगंज डॉक्टर उज्जवल कुमार ने बताया कि नेपाल निवासी युवक सोनौली में मृत पाया गया था. जांच में वह कोरोना पॉजिटिव निकला है. उसके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है. परिजनों के आने के बाद कोविड प्रोटोकॉल के तहत शव का अंतिम संस्कार कराया जाएगा.

