सुभाष प्रसाद सिंह,
जामताड़ा: नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 124वीं जयंती के अवसर पर स्थानीय सुभाष चौक पर झंडोत्तोलन माल्यार्पण सहित अन्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. उपायुक्त गणेश कुमार ने सर्वप्रथम सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. उसके बाद तिरंगा झंडे को सलामी दी.
वहीं संत एंथोनी स्कूल के बच्चों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई. प्रभात फेरी में शामिल बच्चों ने पूरे शहर का भ्रमण किया. ड्रम तथा अन्य वाद्य यंत्र बजाकर चल रहे छोटे-छोटे बच्चे अनायास ही अपनी ओर लोगों को आकर्षित कर रहे थे.
लोगों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि नेताजी के दिखाए मार्ग पर चलने वाले तथा उनके अनुयायियों को मैं इस अवसर पर शुभकामनाएं देता हूं.
उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता में नेताजी ने जो अहम योगदान दिया था, उसे हम अवश्य याद करें.
उन्होंने कहा कि नेताजी भी अहिंसा के पुजारी थे, लेकिन जब तक हम संघर्ष में अपनी जान की आहुति नहीं देंगे, परिवर्तन नहीं हो सकता है. इसलिए नेता जी ने कहा था तुम मुझे खून दो मैं तुझे आजादी दूंगा.

