हजारीबाग(बरकट्ठा): प्रखंड में राष्ट्रीय राजमार्ग 19 को सिक्स लेन बनाने की प्रक्रिया शुरु कर दी गई है. वहीं बरकट्ठा में फ्लाई ओवर बनाने की कवायद धीमी गति से चल रही है. जहां सुरक्षा मानकों का बिल्कुल ख्याल नहीं किया जा रहा है.
फ्लाई ओवर निर्माण कंपनी द्वारा सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है. मानो एनएचएआई विभाग किसी बड़ा हादसा का इंतजार कर रही है. यह बात पत्रकारों से वार्ता करते हुए सामजसेवी दर्शन सोनी ने कही.
उन्होंने कहा कि निर्माण कंपनी मजदूर व सुपर वाइजर के भरोसे पूरा काम जैसे तैसे करवा रही है. निर्माण स्थल पर कभी भी तकनीकी जानकर अभियंता को नहीं देखा गया. सड़क के बीचों बीच मिट्टी व डस्ट का ढेर जमा है, जो राहगीरों व वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गया है.
बरकट्ठा बीच शहर स्थित नेशनल हाईवे पर निर्माण कार्य के दौरान धूलकण उड़ते रहते है. मानकों का अनुपालन नहीं किया जा रहा है. विगत माहो से उड़ती हुई धूल पर्यावरण व मानव स्वास्थ्य को क्षति पहुंचा रही है. जिससे स्थानीय लोगों में रोष बढ़ रहा है.
वहीं उचित डाईवर्सन व सेफ्टी मानकों का घोर अभाव है. कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. सड़क दुर्घटनाओं की आशंका से लोग संशयित व भयभीत है. बेतरीब ढंग से बिखरे रोड़े, डस्ट मिट्टी, वाहनों का जमवाड़ा व आधे अधूरे कार्य से आस पास रहनेवाले लोगों के लिए धूल मुसीबत बन गई है.
निर्माण एजेंसी द्वारा न पानी का छिड़काव किया जा रहा है न उचित देखभाल की जा रही है. समय रहते एनएचएआई विभाग यदि संज्ञान नहीं लेती है तो आम जनता सड़क पर उतरकर आंदोलन करने विवश होगी.
सोनी ने कहा कि बरही हजारीबाग के ठिकानों में रहकर एनएचएआई अधिकारी ऐसी रूम में बैठकर मजा ले रहे है. इधर, जनता धूल और आवागमन की फजीहत की सजा भुगतने को मजबूर है.

