रांची: राजधानी रांची को प्रदूषण मुक्त और खुद को सेहतमंद बनाने का लक्ष्य लेकर युवाओं की अलग-अलग टोली शनिवार को एक बार फिर सड़क पर उतरी. कोरोना महामारी से बचाव के लिए सरकार की ओर से तय गाइडलाइन का अनुपालन करते हुए शनिवार नो कार अभियान को आगे बढ़ाया. रांची नगर निगम की ओर से संचालित अभियान का इस शनिवार को पांचवां हफ्ता रहा. अभियान ने एक माह से अधिक का सफर पूरा कर लिया है.
अभियान के तहत रामदयाल मुंडा पार्क से मेन रोड होते हुए मोरहाबादी रामदयाल मुंडा पार्क तक निगम के कर्मचारियों ने साइकिल चलाई. नगर निगम के सिटी मैनेजर विजेंद्र कुमार, उप नगर आयुक्त कुंवर सिंह, पार्क मैनेजर नंद कुमार बड़ाईक ने साइकिल चलाकर लोगों को जागरूक किया. जागरूकता अभियान में अलग-अलग कॉलेज के छात्रों ने भी भाग लिया. सुबह 9:00 बजे इसकी शुरुआत हुई. इसमें उपनगर नगर आयुक्त शामिल हुए.
उप नगर आयुक्त कुवंर सिंह पाहन ने कहा कि लोगों को एक दिन कम से कम कार छोड़कर साइकिल का प्रयोग करना चाहिए. इससे हमारा पर्यावरण बेहतर होगा.
अभियान के प्रति आम लोगों को प्रेरित करने के उद्देश्य से युवाओं और निगम कर्मचारियों ने अलग-अलग समूह में लोगों से संवाद भी किया. इस अभियान में पूरे शहर की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए निगम की ओर से लगातार जन जागरण अभियान चलाया जा रहा है. यही कारण है कि इसमें हर गुजरते दिन के साथ लोगों की भागीदारी बढ़ रही है.
अभियान के पांचवें हफ्ते में एक बार फिर सड़कों पर आम दिनों की अपेक्षा वाहनों की संख्या कम दिखी. रांची नगर निगम के आयुक्त मुकेश कुमार ने इस अभियान में जनता की बढ़ती भागीदारी के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया.