रांची: रांची समाहरणालय में सोमवार को उपायुक्त, रांची राय महिमापत रे की अध्यक्षता में मनरेगा योजना की समीक्षात्मक बैठक हुई.
बैठक में उपायुक्त, रांची द्वारा जिला के सभी प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जिला के सभी गांव में मनरेगा अंतर्गत कार्य चलता रहना चाहिए, जिससे कि ग्रामीणों को मनरेगा में काम मिलता रहे और उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो सके.
प्रवासी मजदूर जो वापस रांची आए हैं उन्हें भी मनरेगा अंतर्गत जॉब कार्ड अविलंब उपलब्ध कराते हुए मनरेगा कार्य दिया जाए जिससे उनका आत्मबल भी बढ़ेगा एवं उन्हें आर्थिक सहायता भी प्रदान होगी. साथ ही साथ मनरेगा अंतर्गत परिसंम्पति का भी निर्माण होगा.
उपायुक्त ने कहा कि 30 मई तक किसी भी परिस्थिति में बिरसा हरित ग्राम योजना में गड्ढों की खुदाई हो जानी चाहिए. आपको बताएं कि इस वित्तीय वर्ष में रांची जिला में मनरेगा अंतर्गत 810 एकड़ में आम बागवानी,अमरूद बागवानी एवं छायादार वृक्षारोपण किया जाना है.
नीलाम्बर-पीताम्बर जल समृद्धि योजना अंतर्गत ट्रेंच सह बंड, फील्ड बंड, लूज बोल्डर स्ट्रक्चर, नाला का जीर्णोद्धार एवं सोख्ता गड्ढा की योजना अविलंब स्वीकृत कर उस पर कार्य प्रारंभ कराया जाए जिससे कि वर्षा आने पर वर्षा जल का संरक्षण हो सके.
साथ ही उपायुक्त ने कहा कि वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना के तहत खेल मैदान की योजना स्वीकृत कर उस पर अविलंब कार्य प्रारंभ कराया जाए.
उपायुक्त ने कहा कि जो प्रवासी मजदूर बाहर से आ रहे हैं उनका स्किल मैपिंग किया जाए ताकि वह जिस प्रकार के काम में निपुण हैं, उन्हें उस प्रकार के कार्य से जोड़ा जा सके साथ ही उन्हें मनरेगा अंतर्गत जॉब कार्ड बना कर उन्हें अबिलम्ब मनरेगा में कार्य उपलब्ध कराया जाए तथा उक्त मजदूरों का श्रम विभाग में निबंधन कराया जाए.
बैठक में अनन्य मित्तल, उप विकास आयुक्त, सीमा सिंह, निदेशक डी आर डी ए, ऋतु राज,परियोजना पदाधिकारी सहित प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी उपस्थित थे.

