भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए केएल राहुल की शतकीय और श्रेयस अय्यर की अर्धशतकीय पारी के दम पर टीम इंडिया ने निर्धारित 50 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 296 रनों का स्कोर खड़ा किया और न्यूजीलैंड को जीत के लिए 297 रनों का लक्ष्य दिया.
बता दें कि इस मुकाबले में केएल राहुल ने शतक ठोककर इतिहास रच दिया तो श्रेयर अय्यर ने भी अपनी 62 रनों की पारी के दम पर एक कीर्तिमान अपने नाम किया और इयान चैपल जैसे बड़े दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया.
श्रेयस अय्यर जब बल्लेबाजी करने आए थे तक टीम की स्थिति काफी खराब थी. सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल और कप्तान विराट कोहली पवेलियन वापस लौट चुके थे. ऐसे में उन्होंने पृथ्वी शॉ के साथ मिलकर पारी को आगे बढा़ने का प्रयास किया लेकिन पृथ्वी भी 40 रन बनाने के बाद चलते बने.
पृथ्वी शॉ के आउट होने के बाद अय्यर ने केएल राहुल के साथ मिलकर भारतीय पारी को संभाला और दोनों बल्लेबाजों के बीच शतकीय साझेदारी हुई. हालांकि श्रेयर अय्यर 62 रन बनाने के बाद आउट हुए लेकिन उन्होंने आउट होने से पहले इतिहास रच दिया था.
वनडे की कम से कम दस पारियों के बाद 50 से अधिक के स्कोर के सर्वश्रेष्ठ प्रतिशत का वर्ल्ड रिकॉर्ड अब श्रेयस अय्यर के नाम हो गया है.

