नई दिल्ली: सीबीआई ने दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले गुरुवार रात को दिल्ली उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के ओएसडी को 2 लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया है. इस पर उपमुख्यमंत्री सिसोदिया ने कहा है कि तुरंत सख्त से सख्त सजा दिलाए.
मिली जानकारी के अनुसार, सीबीआई ने दिल्ली सचिवालय में तैनात एक अधिकारी को 2 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है.
इस अधिकारी का नाम दिल्ली सरकार की सरकारी वेबसाइट पर डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के ओएसडी के रूप में दर्ज है.
गिरफ्तार अधिकारी का नाम गोपाल कृष्ण माधव है और इसे जीएसटी के एक मामले में रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है. सीबीआई की टीम इस मामले में पूछताछ कर रही है.
उपमुख्यमंत्री सिसाेदिया ने कहा कि मुझे पता चला है कि सीबीआई ने एक GST इन्स्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है. यह अधिकारी मेरे ऑफ़िस में बतौर OSD भी तैनात था. सीबीआई को उसे तुरंत सख्त से सख्त सजा दिलानी चाहिए. ऐसे कई भ्रष्टाचारी अधिकारी मैंने खुद पिछले 5 साल में पकड़वाए हैं.

