दिल्ली: देश में कोविड-19 महामारी की स्थिति को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन हो रहा है. इसमें स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण, नीति आयोग के सदस्य डॉ. वीके पॉल और आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव कोरोना की स्थिति को लेकर जानकारियां दे रहे हैं.
भूषण ने बताया कि देश में कोरोना वायरस महामारी से ठीक होने वाले लोगों की संख्या 29.70 लाख से ज्यादा हो गई है. यह संख्या वर्तमान में सक्रिय मामलों से 3.5 गुना ज्यादा है. उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटे में 11 लाख से ज्यादा कोविड-19 जांच हुई हैं. कल एक दिन में सबसे ज्यादा 68,584 मरीज ठीक हुए थे.
उन्होंने कहा, ‘अब तक हमने देश में चार करोड़ 50 लाख से ज्यादा टेस्ट किए हैं. पिछले 24 घंटों में 11 लाख 72 हजार टेस्ट किए गए हैं. रिकवरी मामलों (ठीक होने वाले केस) की संख्या लगभग 29,70,000 हो गई है. रिकवरी मामलों की संख्या 29.70 लाख से अधिक है जो सक्रिय मामलों की तुलना में 3.5 गुना अधिक है.’

