दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी लगातार उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर हमलावर हैं. उत्तर प्रदेश से जुड़े मामलों पर ट्वीट कर योगी सरकार को घेरने में प्रियंका गांधी बिल्कुल भी पीछे नहीं है. अब उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख अजय कुमार लल्लू ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी पार्टी का चेहरा होंगी.
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा साल 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में पार्टी का चेहरा होंगी.
अजय कुमार लल्लू ने कहा कि उत्तर प्रदेश उनकी धरती है. वह (प्रियंका गांधी) इसी जगह रहती हैं. उन्हें और उनके परिवार को यूपी की मिट्टी से और यूपी के करोड़ों लोगों से लगाव है.
वह करोड़ों लोगों के दिलों में बसती हैं. निस्संदेह उनके नेतृत्व में पार्टी यूपी विधानसभा चुनाव लड़ेगी. प्रियंका गांधी हमारी पार्टी का चेहरा होंगी. उन्होंने कहा कि पार्टी लोगों की आवाज बनेगी और जनता हमें आशीर्वाद देगी.
इसके अलावा उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कांग्रेस किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी लेकिन जनता, लोकतंत्र, युवाओं, किसानों, गरीबों, दलितों, शोषितों और वंचितों के साथ गठजोड़ होगा.