गिरिडीह: झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष व राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि जनता रघुवर शासन से मुक्ति के लिए छटपटा रही है। गिरिडीह जिले के तिसरी में महागठबंधन के झामुमो प्रत्याशी निज़ामुद्दीन अंसारी के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित करते हुए श्री सोरेन ने कहा कि रघुवर दास सरकार के कुशासन से राज्य का बड़ा नुकसान हुआ है। इस शासन में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में गरीबों की थाली से प्याज दूर हो गया है। महंगाई से जनता कराह रही है। खाने पीने का सामान महँगा हो गया है। गैर मजरुआ जमीन का रसीद नहीं कट रहा है। भाजपा का कोई नेता स्थानीय मुद्दों पर बात नहीं करके देश विदेश की बात कर रहे हैं। कार्यक्रम को कोडरमा के पूर्व कांग्रेसी सांसद तिलकधारी सिंह ने भी संबोधित किया।