नई दिल्ली: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज चेन्नई के दौरे पर हैं. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को अन्नाद्रमुक के शीर्ष नेता एवं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी पर आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार में संलिप्त रहने के चलते वह पीएम मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगे झुकने को मजबूर हुए.
राज्य में छह अप्रैल को होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए गांधी ने दावा किया कि उन्होंने देखा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को ‘नियंत्रित’ कर रहे हैं और उन्हें (पलानीस्वामी को) ”चुपचाप उनके चरण स्पर्श करने के लिए मजबूर किया, जिसे मैं स्वीकार नहीं कर सकता.”कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में एक ‘नेता’ को शाह के आगे झुकने के लिए मजबूर किया गया था क्योंकि वह (उक्त नेता) भ्रष्ट हैं और इस व्यक्ति ने भ्रष्टाचार के चलते अपनी आजादी खो दी.

