रांची: झारखंड के प्रकृति प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है. रांची के राजभवन का उद्यान आम नागरिकों के लिए खुलने वाला है. यहां लोग तरह-तरह के फूल का दीदार कर सकते हैं.
बता दें कि यह उद्यान 2 फरवरी से 16 फरवरी तक खुला रहेगा. सुबह 10 बजे से शाम 3.30 बजे तक लोग यहां भ्रमण कर सकेंगे.
वहीं शुक्रवार और शनिवार को उद्यान स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राओं के लिए खुला रहेगा. बाकी दिन सभी लोगों के लिए खुला रहेगा साल में एक बार यह उद्यान आम लोगों के लिए खोला जाता है.
राजभवन उद्यान की बात की जाए तो यहां म्यूजिकल फव्वारा भी है, जो यहां आने वाले दर्शकों के लिए दर्शनीय है. संगीत की मधुर धुन पर ताल मिलाते फव्वारे को देखकर लोगों की निगाहें थम जाती हैं.
उद्यान में फूलों की क्यारी, अलग-अलग फलों के पेड़, विभिन्न तरह के औषधीय पौधे आकर्षण का केंद्र हैं. यहां कई तरह के गुलाब के पौधे हैं, जिन्हें देखने का मौका राज्यवासियों को सिर्फ यहां ही मिलता है. यहां लाखों की संख्या में लोग राजभवन उद्यान को देखने आते हैं.

