नई दिल्ली: बिहार चुनाव के पहले राजनीति अलग-अलग मोड़ ले रही है. बिहार और देश की राजनीति के धुरंधर रामविलास पासवान पिछले कई दिनों से अस्पताल में अपनी खराब तबीयत का इलाज करवा रहे हैं. उनकी पार्टी के अध्यक्ष और उनके पुत्र चिराग पासवान और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच तनातनी लगातार जारी है. ऐसे में रामविलास पासवान के एक ट्वीट से अटकलों का नया दौर शुरू हो गया है.
दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती रामविलास पासवान ने आज सुबह-सुबह तीन भावुक ट्वीट किए. गहरे सियासी मायनों वाले इन ट्वीट में पासवान ने अपनी तबीयत खराब होने की जानकारी देते हुए अपने बेटे चिराग पासवान में पूरा भरोसा जताया. पासवान ने चिराग के बारे में लिखा- ”मेरा खयाल रखने के साथ साथ पार्टी के प्रति भी अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभा रहा है. मुझे विश्वास है कि अपनी युवा सोच से चिराग पार्टी व बिहार को नयी ऊंचाईयों तक ले जाएगा. चिराग के हर फैसले के साथ मैं मजबूती से खड़ा हूं.”

