दिल्ली: छोटे शहरों और पूर्वोत्तर राज्यों में प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीन के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) 500 करोड़ रुपये देगा.
बैंक ने इसके लिए शुक्रवार को भुगतान इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड पीडीएफ बनाने की घोषणा की है. आरबीआई 250 करोड़ के शुरुआती योगदान के साथ इसे शुरू करेगा. बाकी आधी राशि कार्ड जारी करने वाले बैंक और कार्ड नेटवर्क लगाएंगे.
केंद्रीय बैंक ने कहा, परिचालन खर्चे पूरे करने के लिए नियमित अंतराल पर अन्य नगदी योगदान भी मिलता रहेगा. जरूरत पड़ने पर आरबीआई की सालाना आधार पर पूंजी में होने वाली कमी को भी पूरा करता रहेगा. इसका परिचालन एक एडवाइजरी परिषद करेगी.
आरबीआई ने कहा, भुगतान प्रणाली के डिजिटाइजेशन को और बढ़ावा देने के लिए पूरे देश में स्वीकृति संरचना के विकास को बढ़ावा देने की जरूरत है, खासकर पिछड़े क्षेत्रों में.
रिजर्व बैंक ने बयान में कहा कि हाल के बरसों में देश में भुगतान पारिस्थतिकी तंत्र काफी बदला है. अब भुगतान के कई विकल्प मसलन बैंक खाते, मोबाइल फोन और कार्ड उपलब्ध हैं.

