नई दिल्लीः बड़ी टेलीकॉम कंपनियों में शुमार रिलायंस जियो आए दिन अपने ग्राहकों को खुश रखने के लिए नए-नए प्लान की लॉन्चिंग करती रहती है. रिलायंस जियो के प्लान को ग्राहकों का रिस्पॉन्स भी अच्छा मिलता है, जिसे देखते हुए कंपनी की बिक्री भी काफी होती है. अब रिलायंस जियो अपने 4G फीचर फोन यूजर्स को स्मार्टफोन्स पर माइग्रेट करने की तैयारी में लगी हुई है.
इसके अलावा कंपनी वोडाफोन आइडिया और भारती एयरटेल जैसी कंपनियों के 2G यूजर्स को भी अपनी तरफ खींचना चाहती है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, टेलीकॉम कंपनी जल्द देश में स्मार्टफोन निर्माता वीवो की पार्टनरशिप में जियो एक्सक्लूसिव स्मार्टफोन्स लॉन्च करेगी. कंपनी अपने स्मार्टफोन्स के साथ OTT प्लेटफॉर्म का फ्री ऐक्सिस, डिस्काउंट, वन-टाइम स्क्रीन रिप्लेसमेंट, शॉपिंग बेनिफिट्स जैसे ऑफर्स भी देगी.
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि रिलायंस जियो लोकल मैन्युफैक्चरर जैसे कार्बन, लावा के अलावा कुछ चीनी ब्रैंड्स के साथ भी बाचचीत कर रही है. रिपोर्ट में इस मामले से जुड़े लोगों के हवाले से ET ने बताया है कि कंपनी का लक्ष्य 8 हजार रुपये या इससे कम दाम पर स्मार्टफोन्स लाने का है.

