उपायुक्त रांची की अध्यक्षता में आयोजित हुई समीक्षा बैठक
संक्रमितों के इलाज के लिए बेड बढ़ाने पर किया गया विचार विमर्श
रांची: उपायुक्त, रांची छवि रंजन ने कोरोना संक्रमण के रोकथाम के लिये गठित विभिन्न कोषांगों के कार्यों की समीक्षा की. मोरहाबादी स्थित गोपनीय कार्यालय में आयोजित बैठक में सभी कोषांगों के वरीय प्रभारी, आईडीएसपी सेल के अधिकारी, इंसिडेंट कमांडर्स एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
बैठक में कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए बेड़ बढ़ाने को लेकर चर्चा की गयी. उपायुक्त ने जिला में संबंधित पदाधिकारियों को 5000 बेड की तैयारी करने का निर्देश दिया. साथ ही उन्होंने सिविल सर्जन को 1000 मेडिसीन किट तैयार करने का निर्देश दिया. सभी संबंधित इंसीडेंट कमांडर को कल शाम 5 बजे तक किट सदर अस्पताल से प्राप्त कर लेने का निर्देश दिया गया.
बैठक के दौरान उपायुक्त, रांची छवि रंजन ने शहरी क्षेत्र के सभी इंसिडेंट कमांडर से होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि भूमि संरक्षण पदाधिकारी होम आइसोलेशन की मॉनिटरिंग करेंगे. कितने लोग प्रतिदिन होम आइसोलेशन में जा रहे हैं, कितने नेगेटिव होकर डिस्चार्ज हो रहे हैं इसकी पूरी रिपोर्ट समर्पित करने का निर्देश उन्होंने दिया.
होम आइसोलेशन में रहेंगे तो प्राइवेट लैब से करवानी होगी जांच
इसके अतिरिक्त सभी कोषांग प्रभारियों को यह निर्देश दिया गया कि, होम आइसोलेशन हेतु आवेदन करने वाले संक्रमित मरीजों से एक सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म भरवाएं. साथ ही, इस बात को स्पष्ट करें कि आइसोलेशन की अवधि खत्म होने पर उक्त व्यक्ति द्वारा अपने खर्च पर खुद का कोविड19 टेस्ट करवाना होगा. इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा किसी भी प्रकार की टीम आपके आवास तक नहीं भेजी जाएगी.
अगर कोई व्यक्ति अपने खर्च पर आइसोलेशन की अवधि के बाद कोविड-19 टेस्ट करवाने में सक्षम नहीं हैं, तो ऐसी स्थिति में उन्हें प्रशासन द्वारा संचालित कोविड डेडिकेटेड हॉस्पिटल या कोविड केयर सेंटर में एडमिट होना होगा.
डीसी ने कहा कि सभी चिकित्सक समय- समय पर होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों की स्वास्थ्य जांच निश्चित अन्तराल पर करें, इसे लेकर उन्होंने सिविल सर्जन, रांची को प्रतिदिन माॅनिटरिंग करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने बैठक में आईडीएसपी सेल से सभी सरकारी एवं निजी लैब से आ रहे रिपोर्ट की जानकारी ली एवं भारत सरकार के पोर्टल पर डाटा अपडेशन के बारे में पूछा. उन्होंने सभी सरकारी एवं गैर सरकारी अस्पतालों से समन्वय स्थापित कर डाटा पोर्टल में अपलोड करने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा कि प्राइवेट लैब से नेगेटिव रिपोर्ट आने के बाद लिंक पर अपलोड करें, एडवांस में ही प्राइवेट लैब से टेस्टिंग हेतु अपॉइंटमेंट लें.
‘सही तरीके से ड्यूटी निभायें इंसिडेंट कमांडर’
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि सभी इंसीडेंट कमांडर अपनी ड्यूटी सही तरीके से निभायें. कोविड-19 के लिए केन्द्र/राज्य सरकार द्वारा जारी किये दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जिम्मेवारी के साथ दायित्व का निर्वहन करें.

