धनबाद:- भूली के आजाद नगर तीन नंबर इमामबाड़ा के पास आज दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम दिया गया. भीड़भाड़ और अति व्यस्त इलाके आजाद नगर में उज्जीवन बैंक के कर्मचारी को गोली मार कर रुपये से भरा बैग और उसकी बाइक लेकर लूटेरे फरार हो गये. घटना आज दोपहर करीब एक बजे की है. घायल युवक को हीरक रोड में अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसकी जांघ में गोली लगी है. घटना के बारे में भुक्तभोगी झरिया के चौथाई कुल्ही में रहने वाले राजा कुमार सिंह ने बताया कि वह सुबह नौ बजे भूली आजाद नगर की महिलाओं से रिकवरी करने गया था. कई महिलाओं से पैसे इकट्ठा करने के बाद वह पैसे लेकर अपनी बाइक से लौट रहा था. कुछ ही दूरी पर दो युवकों ने रोकने का इशारा किया. बाइक रोकते ही हथियार दिखाकर रुपये से भरा बैग छीनने लगे. उसने भी पूरी ताकत लगा दी और बैग छीनने नहीं दिया. जोरआजमाइश के बीच अपराधियों ने उस पर गोली चला दी, जो उसे लगी नहीं. पर दूसरी गोली उसके जांघ
में लग गई और वह गिर गया. उसे खून से लथपथ छोड़ अपराधी बैग और बाइक लेकर भाग निकले. बाद में स्थानीय लोगों की नजर पड़ी. तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी. थोड़ी देर में पुलिस पहुंची और घायल को अशर्फी अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया है. घायल राजा के अनुसार दोनों अपराधी मास्क लगाए हुए थे. जिस वजह से उन्हें पहचान नहीं सका. भूली पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. अपर पुलिस अधीक्षक विधि-व्यवस्था मनोज
स्वर्गीयार भी मौके पर पहुंचे.

