सिडनी: रोहित शर्मा की चोट को लेकर तस्वीर साफ नहीं होने की कप्तान विराट कोहली की शिकायत के कुछ घंटों बाद ही भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने स्पष्टीकरण दिया है कि आईपीएल के बाद अपने पिता के बीमार होने के कारण रोहित ऑस्ट्रेलिया नहीं जा सके. इसके अलावा बोर्ड ने यह भी कहा कि तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा 17 दिसंबर से शुरू हो रही टेस्ट श्रृंखला नहीं खेल सकेंगे क्योंकि वह तब तक मैच फिट नहीं होंगे.
बोर्ड ने कहा कि रोहित का फिटनेस टेस्ट 11 दिसंबर को होगा जिसके बाद उनके टेस्ट श्रृंखला खेलने को लेकर फैसला लिया जाएगा. रोहित की फिटनेस पर सूचना के अभाव को लेकर कोहली के नाराजगी जताने के बाद बीसीसीआई सचिव जय शाह ने एक बयान में कहा कि रोहित शर्मा को आईपीएल के बाद मुंबई लौटना पड़ा क्योंकि उनके पिता बीमार है. अब उनके पिता ठीक हो रहे हैं जिससे वह एनसीए आ सका है और उसका रिहैबिलिटेशन शुरू हो गया है.

