रांची: भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष हेमलाल मुर्मू ने कहा कि संथाल की जनता का भरोसा और समर्थन भारतीय जनता पार्टी पर बढ़ा है.
उन्होंने कहा कि यह भरोसा अकारण नहीं है. भाजपा ने पिछले 5 सालों में संथाल क्षेत्र में जो काम किए हैं, यह उसका प्रतिफल है.
पिछले विधानसभा चुनाव में संथाल क्षेत्र में भाजपा ने आठ सीटें जीती जबकि झामुमो सिर्फ छह सीटों पर सिमटकर कर रह गया था.
संथाल में हम और ताकतवर हुए हैं और इस बार झामुमो का सूपड़ा साफ हो जाएगा. यह स्पष्ट है कि संथाल भाजपा के गढ़ के रूप में उभरा है.
हेमलाल मुर्मू ने कहा यह मिथ्या भ्रम फैलाया जाता रहा है कि संथाल क्षेत्र सोरेन परिवार की जागीर है. हेमंत सोरेन और उनके परिवार ने संथाल की जनता का हमेशा भरोसा तोड़ा. संथाल को उन्होंने वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया. इस परिवार के रहते संथाल का कभी विकास नहीं हुआ.
पिछले 5 वर्षों में मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में संथाल क्षेत्र में विकास की नई गाथा लिखी गई. आधारभूत संरचनाओं में काफी सुधार किया गया. सड़कें, बिजली, स्कूल, अस्पतालों की दशा सुधरी. रेलवे लाइन का विस्तार हुआ.
साहिबगंज में बंदरगाह का उद्घाटन हुआ. इन कार्यों से संथाल क्षेत्र की तस्वीर बदल गई. हेमलाल मुर्मू ने कहा कि पांचवें चरण का चुनाव हमारे अपने गढ़ में हैं. इसमें भी हम बड़ी जीत की ओर अग्रसर हैं.