रूस: रूस का ‘स्टेट रिसर्च सेंटर ऑफ वायरोलॉजी एंड बायोटेक्नोलॉजी वेक्टर’ कोविड-19 वैक्सीन के दूसरे चरण का परीक्षण कर रहा है और इसमें भाग ले रहे वालंटियर अच्छा महसूस कर रहे हैं और उन्हें किसी तरह की समस्या नहीं है. रूस के वाचडॉग रोसपोट्रेबनेड्जर ने सोमवार को यह जानकारी दी.
रोसपोट्रेबनेड्जर प्रमुख अन्ना पोपोवा ने संवाददाताओं से कहा, हां, हम दूसरे चरण में पहुंच गए हैं. क्लीनिकल परीक्षण किए जा रहे हैं. सभी स्वयंसेवक अच्छा महसूस कर रहे हैं. जिन लोगों ने वैक्सीन की खुराक ली है उन्हें किसी तरह की समस्या नहीं हुई. यहां तक कि शरीर में जिस जगह पर इंजेक्शन लगाया गया वहां पर किसी तरह के निशान भी नहीं हुए. सभी के शरीर का तापमान भी बिल्कुल सामान्य है.
पोपोवा ने कहा कि रूस को महामारी के संकट से प्रभावी रूप से निपटने के लिए कोविड-19 के कई वैक्सीन विकसित करने की आवश्यकता है. वैज्ञानिक वर्तमान में ऐसा ही कर रहे हैं. पोपोवा ने कहा, यह बिल्कुल निश्चित है कि रूस समेत प्रत्येक देश के पास विभिन्न वैक्सीन होनी चाहिए.

