मुंबई: दो सालों से बड़े पर्दे से ब्रेक लेने के बाद बॉलीवुड के किंग खान एक बार फिर अपनी दमदार वापसी के लिए तैयार हैं. शाहरुख खान ने एक साथ ही तीन प्रोजेक्ट साइन किए हैं. जिसमें वो अलग-अलग भूमिकाओं से फैंस का दिल जीतने की तैयारियों में लगे हुए हैं. हाल ही में SRK की फिल्म पठान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. इसी बीच एक्टर के दो बड़े प्रोजेक्ट की भी जानकारी सामने आ गई है.
पठान के अलावा शाहरुख, राजुकमार हिरानी और साउथ फिल्ममेकर के साथ भी फिल्म करने जा रहे हैं. खबर है कि शाहरुख खान साउथ इंडियन फिल्मों के डायरेक्टर एटली के साथ काम करने जा रहे हैं. जिसमें एक्टर डबल रोल निभाने वाले हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक, एटली की फिल्म में शाहरुख बाप और बेटे दोनों का किरदार निभाएंगे. वहीं फिल्म में शाहरुख एक सीनियर रॉ एजेंट की भूमिका मे दिखेंगे, जिन्हें अपने गैंगस्टर बेटे को पकड़ने के लिए मिशन पर भेजा जाता है. बताया जा रहा है कि शाहरुख खान, एटली की इस फिल्म की शूटिंग अगले साल के बीच में शुरू कर सकते हैं.
एटली की अगली फिल्म में डबल रोल निभाने के लिए शाहरुख खान के मेकअप पर काफी जोर दिया जाएगा. उन्हें बतौर एक पिता दिखाने के लिए प्रॉस्थिटिक का इस्तेमाल होगा.
शाहरुख ने अपने 30 साल के कॅरियर में कुल 8 फिल्मों में डबल रोल किया है. 1995 में आई करन अर्जुन, 1996 में आई इंग्लिश बाबू देसी मैम में बाप और जुड़वां बेटों का शाहरुख का ट्रिपल रोल था. 1998 में डुप्लीकेट, 2005 में पहेली, 2006 में डॉन, 2007 में ओम शांति ओम, 2011 में रॉ वन और 2016 में फैन शाहरुख के डबल अवतार वाली फिल्में थीं.
वहीं शाहरुख खान की फिल्म पठान भी इन दिनों काफी सुर्खियां बटोर रही है. पठान में उनके साथ दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम भी दिखेंगे. बताया जा रहा है कि जॉन इस फिल्म में विलन का रोल प्ले करते दिखाई देंगे. ‘बाटला हाउस’, ‘सत्यमेव जयते’ जैसी फिल्में करने के बाद ‘पठान’ में जॉन एंटी हीरो का रोल निभाने जा रहे हैं.

