खास बातें:-
-
कांग्रेस पहले बनाती है और फिर खुद ही बर्बाद करती है
-
‘कहीं की ईंट कहीं का रोड़ा भानुमति ने कुनबा जोड़ा, उसमें से निकले मधुकोड़ा
-
मोदी राम, अमित शाह हनुमान, रघुवर दास नल-नील हैं
रांचीः बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कांग्रेस एक धोखेबाज पार्टी है और भरोसे के लायक नहीं है. कांग्रेस ने चन्द्रशेखर, देवेगौड़ा और गुजराल को प्रधानमंत्री बनाया, लेकिन कुछ समय बाद सभी की सरकारें गिरा दीं. कांग्रेस पहले बनाती है और फिर खुद ही बर्बाद करती है. झारखंड के विकास के लिए हमें एक स्थिर सरकार चाहिए, रामराज चाहिए और यह सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ही दे सकती है. शिवराज सिंह मंगलवार को मांडू, बड़कागांव व रामगढ़ में जनसभा को संबोधित कर रहे थे.
मधुकोड़ा ने तोड़ा भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड
चौहान ने कहा कि ‘कहीं की ईंट कहीं का रोड़ा भानुमति ने कुनबा जोड़ा, उसमें से निकले मधुकोड़ा, भ्रष्टाचार का रिकार्ड तोड़ा, झारखंड को कहीं का नहीं छोड़ा, विकास के रास्ते में बन गए रोड़ा. ‘उन्होंने कहा कि झारखंड को गठबंधन वाले लूट-लूटकर खा गये! ये झारखंड का विकास नहीं कर सकते। यह इस प्रदेश का दुर्भाग्य रहा कि इसे कोई स्थिर सरकार नहीं मिली, लेकिन रघुवर जी जबसे मुख्यमंत्री बने, तबसे विकास का एक नया इतिहास प्रारम्भ हुआ है. उन्होंने कहा कि मैं पूरे विश्वास से कहता हूं कि झारखंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और झारखंड का ऐसा विकास करेगी कि लोग देखते रह जायेंगे. चौहान ने कहा कि यह विधायक चुनने का चुनाव नहीं है, बल्कि झारखंड का भाग्य और भविष्य बनाने का चुनाव है.
मोदी राम, अमित शाह हनुमान, रघुवर दास नल-नील हैं
चौहान ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को प्रणाम करते हुए कहा कि उन्होंने जनता की मांग को पूरा कर झारखंड राज्य बनाया और रघुवर दास जी ने उसका चहुंमुखी विकास किया. भाइयों-बहनों ये गठबंधन वाले झारखंड का विकास नहीं कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि मोदी राम हैं, अमित शाह हनुमान व रघुवर दास नल नील हैं जो झारखंड के विकास के लिए संकल्पित हैं. उन्होंने कहा कि धरती के प्राकृतिक संसाधनों पर गरीब आदिवासियों को बराबरी का हक दिलाने के लिए भाजपा ने गरीब आदिवासी परिवारों को सस्ता अनाज व रहने के लिए जमीन का मालिक बनाकर मकान बनाने की व्यवस्था की है.
नेहरू की गलती का खामियाजा भुगत रहा था देश
लोकसभा में सिटीजन अमेंडमेंट बिल पास होने पर प्रधानमंत्री मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह को धन्यवाद देते हुए कहा कि जल्द ही यह बिल राज्यसभा में भी पास हो जायेगा. उन्होंने कहा कि अब पड़ोसी देश से आये किसी पीड़ित हिन्दू को जबरदस्ती वापस नहीं भेजा जायेगा. चौहान ने कहा कि हमारा शुरू से मानना है कि एक देश में दो विधान, दो निशान, दो प्रधान नहीं हो सकते. कश्मीर विलय का मामला नेहरू के हाथों में था, जिसका खामियाजा देश के लोग आज तक भुगत रहे थे. लेकिन प्रधानमंत्री मोदी व गृहमंत्री अमित शाह ने घाटी से धारा 370 समाप्त करके इस गलती को सुधारा है.

