संवाददाता,
रांची : रोटरी रांची के सभागार में एकल विद्यालय के अभियान की जानकारी रोटरी सदस्यों को दी गई. अभियान के प्रदीप कुमार जैन ने बताया कि एकल विद्यालय अभियान के माध्यम से पूरे देश के दूर दराज गांव में पंचमुखी शिक्षा के माध्यम से गांव का सर्वांगीण विकास हेतु पांच आयाम संचालित किये जाते है. जिसमें प्राथमिक शिक्षा के माध्यम से गांव के 6 से 14 वर्ष तक के बच्चों को संस्कारयुक्त शिक्षा के साथ-साथ खेल, गीत, कहानी के माध्यम से शिक्षित किया जाता है. दूसरा आरोग्य शिक्षा के माध्यम से गांव की महिलाओं को संगठित कर गांव को रोग मुक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है. एकल अभियान द्वारा तीसरा काम गांव के किसानों का विकास करने के लिए जैविक खेती पर विशेष जोर दिया जाता है. किसानों को जैविक खाद तैयार करने की प्रक्रिया बताई जाती है. गाै मूत्र से कीट नियंत्रक तैयार कर रासायनिक खाद एवं दवा से खर्च को कम किया जा रहा है. चौथा कार्य सरकार की योजनाओं की जानकारी से गांव के लोगों को जागृत किया जा रहा है एवं पांचवा संस्कार शिक्षा द्वारा प्रत्येक गांव में सप्ताहिक सत्संग के माध्यम से व्यसन मुक्ति, देश भक्ति गीत नाटक के माध्यम से कार्यक्रम चलाया जा रहा है.
रमेश धरनिधरका ने कहा कि शिक्षा संस्कृति और देश की रक्षा हेतु एकल अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. एकल विद्यालय अभियान से जुड़ी रेखा जैन ने बताया कि भारत में एकल विद्यालय अति पिछड़े और जनजातीय क्षेत्रों में एक अध्यापक के द्वारा चलाए जाते हैं. इन विद्यालयों में बच्चों को पढ़ाने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास पर जोर रहता है. “हर जिले में एकल विद्यालय अभियान चल रहा है. इसमें हर गांव में युवा वर्ग बच्चों को शिक्षा दे रहा है, जो बच्चों को पढ़ा रहे हैं. युवा उनको हम समय-समय पर ट्रेनिंग देते रहते हैं. इसके साथ ही बच्चों को पढ़ाने के लिए किताबें, बैग, चार्ट, ब्लैक बोर्ड कई सामान भी उपलब्ध कराते हैं.
बच्चों को भाषा, गणित, सामान्य ज्ञान, हस्तशिल्प, स्वास्थ्य और संस्कार की शिक्षा के अलावा उन्हें आरोग्य और आरटीआई की भी शिक्षा दी जाती है, ताकि गांव के बच्चे भी मुख्यधारा से जुड़ सके.” रोटरी अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा रोटरी एकल के इस समग्र अभियान से जुड़ यथासंभव मदद करेगी.
कार्यक्रम में सीएम गुप्ता, सुमन साबू, अमित अग्रवाल, गौरव बाग़राय, एन के माखीजा, रविन्द्र चड्ढा, राजेशनाथ शाहदेव, राजीव चड्ढा, प्रवीण राजगढ़िया सहित अन्य उपस्थित थे.

