नई दिल्ली: केन्द्रीय मत्स्य और डेयरी मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण पर ऐसा कानून आना चाहिए कि जो ना माने, उसका वोटिंग का अधिकार खत्म कर देना चाहिए. जनसंख्या समाधान फाउंडेशन एवं हिंदू जागरण मंच पर CAA के समर्थन कार्यक्रम में केंद्रीय पशुधन मंत्री गिरिराज सिंह सहारनपुर पहुंचे थे.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर कहा कि जो इस कानून को नहीं माने उसका वोटिंग राइट खत्म कर देना चाहिए और ऐसे लोगों पर आर्थिक और कानूनी प्रतिबंध भी लगाना चाहिए. केंद्रीय मंत्री ने देवबंद को आतंकवाद की गंगोत्री करार दिया है. उन्होंने यहां तक कहा कि हाफिज सईद से लेकर देश दुनिया में मौजूद आतंकवादियों के तार देवबंद से जुड़े हैं.
उन्होंने कहा कि वह पिछले वर्ष जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के बैनर तले कानून बनाने को लेकर 125 सांसदों का हस्ताक्षर युक्त पत्र राष्ट्रपति को सौंप चुके हैं. 11 अक्टूबर 2019 से मेरठ से दिल्ली तक पैदल यात्रा भी की. जिसमें तकरीबन 300 छोटी-बड़ी रैलियों का आयोजन हुआ था. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसंख्या नियंत्रण को लेकर कड़ा कानून बनना चाहिए.

