रांची समेत अन्य शहरों के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज होगी
रांची:- झारखंड के अधिकांश हिस्सों से सोमवार को दक्षिण पूर्व मॉनसून की विदाई हो गयी और अब न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है.
रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ.एस.डी. कोटाल ने बताया कि झारखंड के अधिकांश हिस्सों से आज मॉनसून की विदाई हो गयी. उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में राज्यभर में मौसम शुष्क रहा और अगले पांच दिनों में ठंड बढ़ने के आसार है.
डॉ.एस.डी. कोटाल ने बताया कि रांची समेत अन्य इलाकों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस कमी आने की संभावना है. अगले पांच दिनों के मौसम पूर्वानुमान के संबंध में उन्होंने बताया कि इस दौरान मौसम आम तौर पर शुष्क रहेगा और अधिक तापमान सामान्य के आसपास रहेगा. लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है.इस दौरान रांची तथा डालटनगंज का न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री और जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.जबकि रांची का अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री और जमशेदपुर तथा डालटनगंज का अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है. इस दौरान आसमान के सामान्य तौर पर पूरी तरह से साफ रहने और मौसम शुष्क रहने की संभावना है.