मुंबई: शेयर बाजार में आज काफी उतार-चढ़ाव दिखा. ब्लैक मंडे के बाद घरेलू शेयर बाजार में आज मंगल के साथ शुरुआत हुई. दोपहर तक बाजार में बढ़त कायम रही पर 2 बजे के बाद सेंसेक्स-निफ्टी पर बिकवाली का दबाव बढ़ा और दोनों इंडेक्स हरे से लाल निशान पर आ गए.
आज सेंसेक्स दिन के अपने उच्च स्तर से 860.43 अंक लुढ़का. एक समय सेंसेक्स 32,264 के स्तर पर पहुंच गया था, लेकिन बिकवाली के दबाव में शेयर बाजार में गिरावट शुरू हुई तो सेंसेक्स लुढ़कता हुआ 31,453.51 के स्तर पर बंद हुआ.
सेंसेक्स ने 261 अंकों का नुकसान झेला. वहीं निफ्टी भी आज दिन के उच्च स्तर 9,450 से लुढ़क कर 9300 के नीचे बंद हुआ. जहां तक सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी बैंक, पीएसयू बैंक, प्राइवेट बैंक के स्टॉक अधिक नुकसान में रहे.
यही नहीं कोई भी सेक्टर आज हरे निशान पर बंद नहीं हुआ. निफ्टी टॉप लूजर की लिस्ट में आज स्टेट बैंक, बजाज फाइनेंस, ब्रिटानिया, एशियन पेंट्स और टाटा मोटर्स प्रमुख रहे.
वहीं फायदे में रहने वाले स्टॉक की बात करें तो INFRATEL, M&M, POWERGRID, ओएनजीसी और रिलायंस इंडस्ट्रीज प्रमुख रहे.
बता दें मंगलवार को शेयर बाजार हरे निशान के साथ खुला, जो सोमवार को लाल निशान पर बंद हुआ था. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स आज 467 अंकों की उछाल के साथ के 467.55 स्तर पर खुला.
वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 9400 के पार खुला. सेंसेक्स के सभी स्टॉक हरे निशान पर कारोबार कर शुरू किए. वहीं निफ्टी 50 के सभी स्टॉक भी हरे निशान के साथ खुले.

