रांची: भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड विकास मोर्चा की उस सोच को एक मज़ाक बताया है जिसमें झारखंड विकास मोर्चा के नेताओं ने कहा था की बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में ही झारखंड विकास मोर्चा अगले विधानसभा चुनाव के बाद सरकार बनाएगी.
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री पद पर रहे व्यक्ति के लगातार चार चुनाव हारने का देश में कोई दूसरा उदाहरण नहीं है. बाबूलाल के दो प्रमुख नेता प्रदीप यादव और बंधु तिर्की के ऊपर संगीन आरोप लगे हुए हैं और वह इन मामलों में या तो जेल यात्रा कर चुके हैं या वर्तमान में भी जेल में बंद है.
पिछले लोकसभा चुनाव में बाबूलाल मरांडी कोडरमा लोकसभा से अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए थे. इन परिस्थितियों में झारखंड विकास मोर्चा के द्वारा चुनाव में खाता खोलना भी असंभव प्रतीत होता है.
लोकतंत्र में सपने देखने का हक सबको होता है लेकिन ऐसे सपने भी नहीं देखना चाहिए जिससे जनता मजाक समझ कर नजरअंदाज करे.
प्रतुल ने कहा की भारतीय जनता पार्टी रघुवर दास के नेतृत्व में पूरे दमखम से चुनाव में उतर चुकी है और 65 प्लस के लक्ष्य को विकास और स्थिर सरकार के मुद्दे पर प्राप्त करेगी.
बाबूलाल मरांडी और उनके दल का विधानसभा चुनाव के बाद अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा.