रांची: हरमू स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता सम्पन्न हुई. मीडिया बंधुओं को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व चुनाव का आगमन हो चुका है और इसके लिए भाजपा पूरी तरह से तैयार है. उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पूरी तरह से पालन करती है. इसी क्रम में हमने 81 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए इच्छुक व्यक्तियों द्वारा प्राप्त जीवनवृत्त के आधार पर संभावित प्रत्याशियों की सूची तैयार की है.
प्रकाश ने बताया कि आज चुनाव समिति की बैठक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें मुख्य रूप से राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री सौदान सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह झारखंड चुनाव प्रभारी ओम माथुर, मुख्यमंत्री रघुवर दास, चुनाव सह प्रभारी नंद किशोर यादव, रामविचार नेताम, अर्जुन मुंडा, धर्मपाल सिंह, दीपक प्रकाश, सुनील सिंह, जयंत सिन्हा, नीलकंठ सिंह मुंडा, डॉ रविन्द्र राय, श्याम नारायण दुबे, केदार हाजरा, आरती सिंह सम्मिलित हुए.
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से सभी विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा के लिए प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, मुख्यमंत्री रघुवर दास एवं संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह को अधिकृत किया गया है. उन्होंने बताया कि प्रत्याशियों के नाम की घोषणा भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद संसदीय बोर्ड द्वारा की जायेगी.
प्रेसवार्ता के दौरान प्रेसबंधुओं को संबोधित करते हुए प्रकाश ने कहा कि भाजपा की आंतरिक संरचना लोकतांत्रिक मापदंडों के अनुरूप है. इसीलिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा से पहले कार्यकर्ताओं से गहन रायसुमारी की गई ताकि भाजपा का प्रत्येक विधानसभा प्रत्याशी कार्यकर्ताओं के पसंद व भावनाओं के अनुरूप हो.
प्रेसवार्ता में प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक भी मौजूद रहे.