रांची: झारखंड विधानसभा के तीसरे चरण में किस्मत आजमाने वाले 309 प्रत्याशियों में 91 पर आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें 62 उम्मीदवारों ने अपने ऊपर गंभीर आपराधिक मामले घोषित किए हैं.
हत्या के आरोपी भी चुनाव में खड़े हैं. सबसे अधिक संपत्ति बीजेपी के प्रत्याशी के पास है. यह जानकारी एडीआर ने अपनी रिपोर्ट में दी है.
गंभीर आपराधिक मामले दर्ज
रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस के 9 में से 4, आजसू के 14 में से 10, बीजेपी के 16 में 8 और जेवीएम के 17 में से 8 उम्मीदवारों ने अपने ऊपर आपराधिक मामले घोषित किए हैं. कांग्रेस के 3 उम्मीदवार, बीजेपी के 6, जेवीएम के 5, और आजसू के 6 प्रत्याशी ने अपने ऊपर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने की बात कही है.
महिला पर अत्याचार के मामले
महिलाओं पर अत्याचार के मामले 10 प्रत्याशियों ने घोषित किए हैं. इनमें महिलाओं की लज्जा भंग करने के आशय से उनपर हमला या आपराधिक बल प्रयोग और किसी महिला की लज्जा का अनादर करने से संबंधित मामले घोषित किए हैं.
हत्या संबंधित मामले
2 उम्मीदवारों ने अपने ऊपर हत्या से संबंधित मामले दर्ज होने की बात कही है. हत्या के प्रयास के मामले 13 उम्मीदवारों पर दर्ज हैं. 2 प्रत्याशियों ने अपने ऊपर दोष सिद्ध होने की जानकारी दी है.
करोड़पति प्रत्याशी
चुनाव में खड़े प्रत्याशियों में 77 करोड़पति हैं. बीजेपी के 13, जेएमएम के 5, कांग्रेस के 4, आजसू के 11, जेवीएम के 9 प्रत्याशी करोड़पति हैं. इनकी संपत्ति एक करोड़ रुपये से अधिक है.
सबसे अधिक संपत्ति
हजारीबाग से बीजेपी के प्रत्याशी मनीष जायसवाल सबसे अधिक संपत्ति के मालिक हैं. उनके पास 27.04 करोड़ से अधिक की संपत्ति है. हजारीबाग से ही खड़े जेवीएम प्रत्याशी मुन्ना सिंह के पास 19.15 करोड़ से अधिक की संपत्ति है. आजसू पार्टी के सिल्ली उम्मीदवार सुदेश कुमार महतो के पास 18.57 करोड़ से अधिक की संपत्ति है.
सबसे कम संपत्ति
सबसे कम संपत्ति के मालिक आइयूएमएल के हैं. हटिया सीट से खड़े आइयूएमएल प्रत्याशी अब्दुल इजहार अंसारी के पास 4.50 हजार रुपये की संपत्ति है. रांची के सिल्ली से खड़े निर्दलीय प्रत्याशी देवेंद्र नाथ महतो के पास 7 हजार और वहीं से एक अन्य उम्मीदवार राजेश्वर महतो के पास 10 हजार की संपत्ति है.

