रांची: झारखंड विधानसभा क्षेत्र के तीसरे चरण के चुनाव में खड़े 309 उम्मीदवारों में से 91 ने अपने ऊपर आपराधिक मामले घोषित किए हैं. इसमें सबसे अधिक आपराधिक मामले हटिया विधानसभा क्षेत्र से खड़े प्रत्याशियों पर दर्ज हैं. सबसे कम आपराधिक मामले रांची विधानसभा क्षेत्र से खड़े उम्मीदवारों पर दर्ज हैं. यह जानकारी एडीआर ने अपनी रिपोर्ट में दी है. लगभग सभी दलों से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों पर मामले दर्ज हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक हटिया विधानसभा क्षेत्र से खड़े 22 प्रत्याशियों में से 9 पर आपराधिक मामले दर्ज हैं. यहां से खड़े बीजेपी, आजसू पार्टी, माकपा, निर्दलीय, जेडीयू, सदान विकास पार्टी, एसयूसीआई के उम्मीदवार ने अपने ऊपर आपराधिक मामले बताए हैं.
ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से खड़े 31 प्रत्याशियों में से 8 ने अपने ऊपर आपराधिक मामले दर्ज होने की बात कही है. इसमें बीजेपी, आजसू पार्टी, निर्दलीय और जेडीयू के उम्मीदवार शामिल हैं.
बरकट्ठा से खड़े 20 प्रत्याशियों में से 8 के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं. इसमें बीजेपी, आजसू पार्टी, जेवीएम, आप, भाकपा, भाकपा माले (एल), राजद और निर्दलीय हैं.
हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र से खड़े 15 प्रत्याशियों में 7 पर मामले दर्ज हैं. बीजेपी, जेवीएम, एआईएमआईएम, निर्दलीय, एलजेपी, पीपीआई (डी) के प्रत्याशियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं.
मांडू विधानसभा से चुनाव लड़ रहे 22 प्रत्याशियों में 7 पर मामले दर्ज हैं. ये प्रत्याशी बीजेपी, आजसू पार्टी, एआईएमआईएम, बहुजन महा पार्टी, भाकपा, भाकपा माले (एल), निर्दलीय से खड़े हैं.
कोडरमा विधानसभा से खड़े 17 प्रत्याशियों में से 6 पर आपराधिक मामले हैं. ये प्रत्याशी आजसू पार्टी, बीएसपी, राजद और निर्दलीय से चुनाव लड़ रहे हैं.
धनवार विधानसभा से खड़े 14 प्रत्याशियों में से 6 पर मामले दर्ज हैं. जेवीएम, एआईएमआईएम, भाकपा माले (एल), उम्मीदवार और निर्दलीय पर मामले दर्ज हैं.
बरही विधानसभा के 14 उम्मीदवारों में से 6 पर आपराधिक मामले हैं. इनमें कांग्रेस, जेवीएम, सीपीआई, हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा और निर्दलीय हैं.
बरकागांव विधानसभा क्षेत्र के 23 उम्मीदवारों में से 6 पर आपराधिक मामले दर्ज हैं. ये प्रत्याशी कांग्रेस, आजसू पार्टी, जेवीएम, भाकपा और निर्दलीय से चुनाव लड़ रहे हैं.
रामगढ़ से खड़े 25 में से 5 प्रत्याशियों पर मामले दर्ज हैं. ये बीजेपी, कांग्रेस, बीएसपी और निर्दलीय से मैदान में हैं.
बेरमो से खड़े 20 में 4, कांके में 12 में 4, गोमिया में 15 में 4, सिल्ली में 15 में 3, सिमरिया में 18 में 3, खिजरी में 14 में 3 और रांची में 12 में से 3 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं.

