चतरा: चतरा पुलिस को टीपीसी नक्सलियों के विरुद्ध एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. जिले के घोर नक्सल प्रभावित कुन्दा थाना क्षेत्र से जगुआर पुलिस ने पांच लाख रुपए का इनामी टीपीसी नक्सली जोनल कमांडर को गिरफ्तार कर चतरा मंडल कारा भेज दिया है.
गिरफ्तार टीपीसी जोलन कमांडर नक्सली विकास गंझू, उर्फ अनिवास, उर्फ दशरथ गंझू जिले के कुन्दा थाना क्षेत्र के मरगड़ा एकता गांव के रहने वाला है. पुलिस द्वारा उसकी गिरफ्तारी गांव से ही की गई है. गिरफ्तार नक्सली जोनल कमांडर के विरुद्ध चतरा, हजारीबाग और लातेहार जिले के विभिन्न स्थानों में तकरीबन एक दर्जन नक्सली व आपराधिक मामले दर्ज है.
इस आशय की जानकारी सिमरिया थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ बच्चन देव कुजुर ने कल शाम पत्रकारों को देते हुए बताया कि गिरफ्तार नक्सली चतरा, हजारीबाग और लातेहार जिला के सीमावर्ती व आस-पास के इलाकों में सक्रिय था और क्षेत्र के ठेकेदारों, कोल व्यवसायियों और ईट भट्ठा के मालिकों से लेवी वसूलने का काम करता था.
एसडीपीओ ने बताया कि इसकी गुप्त सूचना पुलिस अधीक्षक को मिली कि जोनल कमांडर संगठन से छुट्टी लेकर अपने गांव आया हुआ है. सूचना के आलोक में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया. टीम द्वारा नक्सली के गांव पहुंचकर उसके घर से उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
इधर पुलिस नक्सलियों के विरुद्ध लगातार छापेमारी अभियान चला रही है. पुलिस ने सभी प्रतिबंधित उग्रवादियों को संगठन छोड़ कर मुख्यधारा में शामिल होने का आह्वान किया है. अन्यथा उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की बात कही गई.

