रांचीः राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि मेरा मानना है कि जीव-लोक में निःस्वार्थ भाव से जो परोपकार के लिए जीता है, संघर्ष करता है, वह सच मायने में जिन्दगी को सही तरीके से जीता है. निःस्वार्थ भाव से किया जानेवाला परोपकार ही ईश्वर की सच्ची पूजा है.
मुझे खुशी है कि मारवाड़ी युवा मंच इस प्रकार के हेल्थ कैंप का आयोजन कर मानवीय सेवा की दिशा में प्रयास कर रहा है. राज्यपाल रविवार को मारवाड़ी युवा मंच द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बोल रही थी.
Also Read This: अब नहीं मिलेंगे ATM से 2 हजार के नोट
उन्होंने कहा कि मैं इस युवा मंच से कहना चाहूंगी कि गरीबों, समाज के अति पिछड़े वर्गों, जनजातियों के उत्थान एवं कल्याण के लिए कार्य करें. उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं प्रदान करने की दिषा में अपना सक्रिय योगदान दें. साथ ही लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और स्कील डेवलपमेंट के प्रति जागरूक करें.
नागरिक विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं के प्रति हो अवगत-
राज्यपाल ने कहा कि नागरिक सरकार की विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं के प्रति अवगत हो, उसका यथोचित लाभ मिले, इस दिशा में सभी संस्था सामूहिक प्रयास करें. सबकी उन्नति में ही राष्ट्र की प्रगति निहित है. मारवाड़ी युवा मंच द्वारा आयोजित इस हेल्थ कैंप में आप सभी के बीच में सम्मिलित होकर अपार प्रसन्नता हो रही है.
मुझे अवगत कराया गया कि इस हेल्थ कैंप में बहुत से विषेशज्ञ चिकित्सक लोगों के स्वास्थ्य की जांच करेंगे तथा उन्हें उचित परामर्श देंगे. यह मारवाड़ी युवा मंच की नेक पहल कही जा सकती है. मारवाड़ी समाज न केवल उद्यमशील होते हैं, बल्कि समाजसेवा के क्षेत्र भी अपनी भूमिका का निर्वहन कर रहे हैं.
युवा मंच सिर्फ हेल्थ कैंप के आयोजन तक ही सीमित न रहे. बहुत से लोग अर्थाभाव में अपना उचित इलाज नहीं करा पाते हैं. ऐसे में ये युवा मंच इस प्रकार के लोगों की भी मदद करें. उनकी दुआयें लें तथा स्वस्थ भारत के निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान दें.

