चतरा:- चतरा के उपायुक्त दिव्यांशु झा व पुलिस अधीक्षक ऋषव कुमार झा के नेतृत्व में शुक्रवार की शाम जिले के नगर परिषद क्षेत्र के भीड़-भाड़ वाले इलाके में सघन मास्क चेकिंग व सोशल डिस्टनसिंग का पूर्णतया अनुपालन हेतु अभियान चलाया गया. इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी मुमताज अंसारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद सुरेंद्र सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे. उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने स्वयं शहर के जतराहीबाग चौक से मारवाड़ी मुहल्ला होते हुए मेन रोड-पुराना पेट्रोल पंप तक मास्क चेकिंग व जागरूकता अभियान चलाया. इस दौरान उन्होंने लोगों को मास्क अनिवार्य रूप से पहनने, सोशल डिस्टनसिंग का पालन करने तथा कोविड-19 रोकथाम हेतु सरकार द्वारा जारी सभी निर्देशो का आवश्यक रूप से पालन करने की अपील की. इस दौरान मास्क का इस्तेमाल नही कर रहे कई दुकानदारों व लोगों को आर्थिक जुर्माना भी लगया गया. साथ ही पुराना पेट्रोल पंप के समीप स्थित फेमस मेडिकल नामक दुकान में सोशल डिस्टनसिंग नही पाए जाने व मास्क इस्तेमाल नही करने को लेकर उक्त दुकान को सील कर दिया गया. इसके साथ ही अन्य दुकानदारों तथा लोगों को सख्त हिदायत दी गई कि कोविड-19 के रोकथाम हेतु सरकार द्वारा जारी सभी निर्देशों का पालन आवश्य करें, जिससे जिले को कोरोना माहमारी से पूर्णतया सुरक्षित रखा जा सके.

