रांची: विधायक सरयू राय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है पत्र में उन्होंने हजारीबाग महेश्वरी हत्याकांड मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है कहां है कि पीड़ित परिवार के लोगों ने दिनांक 13.01.2020 और 16.08.2020 को आपको पत्र लिखकर निवेदन किया है कि यह जघन्य हत्याकांड किसी गहन साजिश के तहत हुई है. एक ही परिवार के छः लोगों की हत्या एक साथ कर देना और इसे आत्महत्या का मामला बताना तथा पूर्ववर्ती सरकार द्वारा इस मामले को रफा-दफा कर देना कोई सामान्य बात नहीं है। मुझे विश्वास है कि झारखण्ड पुलिस के योग्य अधिकारी इस कांड का उद्भेदन करने में सक्षम है. फिर भी यदि आपको लगता है कि इस हत्याकांड के पीछे गहन साजिश को देखते हुए इसे सी.बी.आई. को सौंपा जाय तभी ऐसा करना उचित होगा.
हजारीबाग के बाडम बाजार, महावीर स्थान चैक के परिवार के छः सदस्यों की निर्मम हत्या उनके अपार्टमेंट में कर दी गई. मृतकों में महाबीर प्रसाद माहेश्वरी, उनकी पत्नी किरण माहेश्वरी, बेटा नरेश माहेश्वरी, बहु प्रीति माहेश्वरी, दस वर्षीय पोता अमन माहेश्वरी, छह वर्षीय पोती अन्वी माहेश्वरी शामिल थे. पीड़ित परिवार के राजेश कुमार माहेश्वरी ने मुझे स्पीड पोस्ट से अपनी व्यथा को व्यक्त करते हुए आवेदन भेजा है, जिसमें इनके द्वारा अबतक किये गये प्रयासों का जिक्र है. उनकी आशंका है कि कोई-न-कोई मजबूत एवं प्रभावशाली व्यक्ति या व्यक्ति समूह इस हत्याकांड में शामिल है, जिसकी तरफ से अप्रत्यक्ष धमकी उन्हें मिलती रही है। जिस तरह मुम्बई में ‘सुशांत सिंह राजपूत हत्याकांड’ को लेकर पूरे देश में संवेदना है, उसी तरह करीब दो वर्ष पूर्व हुए इस सामूहिक नरसंहार के प्रति भी झारखण्ड सरकार की संवेदना जागनी चाहिए.
अनुरोध है कि इस मामले की जाँच या तो एक एसआईटी गठित कर सीआईडी के नेतृत्व में कराने का आदेश दे या इस मामले को जाँच के लिये सीबीआई के सुपूर्द कर दे.

