हजारीबाग: भारतीय रेलवे स्टेशनों और मेट्रो सिटी के तर्ज़ पर हजारीबाग जैसे छोटे शहरों में भी वाटर एटीएम लगाने की योजना हजारीबाग विधायक मनीष जायसवाल ने बनाई है.
शहर के गरीब तबके के लोगों और राहगीरों को न्यूनतम मूल्य में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की अपनी इस सोच को मनीष जायसवाल ने इसे धरातल पर उतारने के लिए पहले अपने विधायक निधि वर्ष 2019- 20 की राशि से शहर के 20 प्रमुख स्थानों पर शुद्ध पेयजल की उपलब्धता के लिए वाटर एटीएम मशीन अधिष्ठापन हेतु राशि उपलब्ध कराया.
गुरुवार की शाम को शहर के गाड़ीखाना के बाहर इस योजना को मूर्त रूप देने हेतु विधिवत रूप से पूजा अर्चना कर और सिलावट का अनावरण कर इसकी आधारशिला रखी गई.
मौके पर इस योजना के बाबत मनीष जायसवाल ने कहा की वाटर एटीएम के स्थापना से जहां लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा वहीं कई लोग इससे सीधे तौर पर रोजगार से भी जुड़ जायेंगे.
उन्होंने कहा की वर्तमान समय में शहर के कई मोहल्ले में लोग जैसे-तैसे गंदा पानी पीने को मजबूर हो रहे हैं. शहर में व्यवसाय करने वाले दुकानदारों को भी शुद्ध पेयजल नसीब नहीं हो पाता है.
ऐसे में यह वाटर एटीएम निश्चित रूप से लोगों को बहुत ही न्यूनतम शुल्क में शुद्ध आरओ का फ़िल्टर पेयजल उपलब्ध कराने में कारगर साबित होगा. उन्होंने कहा कि हजारीबाग शहर के लिए यह बिल्कुल ही नया कांसेप्ट है.
महानगरों के अलावे झारखंड के रांची, गिरिडीह, गोड्डा, जमशेदपुर सहित कई शहरों में यह सेवा बहाल है. हजारीबाग शहर के स्लम एरिया में निवास करने वाले लोगों और शहर के दुकानदारों को इससे विशेष फायदा होगा.
एक रूपया प्रति लीटर शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो पायेगा. गुमटीनुमा इस वाटर एटीएम के संचालक हेतु सभी में एक या दो व्यक्ति भी कार्यरत रहेंगे उन्हें भी जीविकोपार्जन का साधन मिलेगा.
मौके पर विशेष रूप से महादलित परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अशोक राम, भाजपा अनुसूचित मोर्चा के महासचिव समा दलित परिषद के जिला अध्यक्ष लखन हरि, विकास हरि, गौतम राम, राजू राम, संजय राम, बीरू राम, रवि राम, सोनू राम, पुंडरू राम, कुंती देवी, ज्योत्सना देवी, पार्वती देवी भंवरी देवी, गोवर्धन राम, विधायक प्रतिनिधि विजय कुमार, शिवपाल यादव, विधायक मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे.

