रांची: आम आदमी पार्टी के रांची विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी राजन कुमार सिंह ने शुक्रवार को सुखदेवनगर, लक्ष्मीनगर, बैंक कॉलोनी और हातमा में पदयात्रा की.
इस दौरान राजन ने कहा कि रांची के लोग उनके साथ हैं. उन्हें लोगों का भरपूर साथ, समर्थन और प्यार मिल रहा है. सैकड़ों लोग हर दिन उनके साथ जुड़ रहे हैं, जिससे उनका हौसला और ताकत बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि इस बार रांची के लोग उन्हें जितायेंगे और कमीशनखोर एवं भ्रष्टाचारियों को जबाब देंगें.
जीतने के बाद रांची को दिल्ली की तरह विकसित करेंगे. लोगों को वो तमाम सुविधाए उपलब्ध करायेंगे, जिनसे वे अब तक वंचित हैं. रांची के लोगों को बार-बार धोखा दिया गया है, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा. वह रांची का नेता नहीं, बल्कि बेटा बनकर सबकी सेवा करेंगे. उन्होंने कहा कि सीपी सिंह द्वारा पिछले 25 साल में रांची पर बदहाली का जो दाग लगाया गया है, उसे धोयेंगे. रांची एवं रांची वासियों का गौरव लौटायेंगे.