हजारीबाग: ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत, परिजनों ने जमकर बवाल काटा
हजारीबाग : डॉ को भगवान का रूप कहा जाता है. उसकी छोटी सी गलती इंसानी ज़िंदगी पर भारी पड़ जाती है. इसी तरह का एक मामला हजारीबाग से सामने आया है. क्षितिज अस्पताल में बरही/करियातपुर की रहने वाली सेवली मोसेमात के पैर के ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई.
मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधक पर आरोप लगाते हुए कहा है कि हाई ब्लड शुगर होने के बावजूद भी जबरदस्ती सिग्नेचर कराकर महिला का ऑपरेशन किया गया है.
भर्ती कराते समय डॉक्टरों ने हाई ब्लड शुगर कह कर दो दिन रुकने की बात कही थी. जिसके बाद परिजन घर चले गए थे. एक महिला को मरीज के साथ अस्पताल में छोड़ गए, लेकिन महिला से पूछकर ऑपरेशन करने की बात कही गई, जब महिला ने परिवार वाले को बुलाने की बात कही तब अस्पताल प्रबंधन के द्वारा जबरन ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया और ऑपरेशन के दौरान महिला मरीज की मौत हो गई.
परिजनों का कहना है कि ब्लड टेस्ट के नाम पर 16000 का बिल भी दिया गया, जिसकी भुगतान कर दिया गया. स्वास्थ्य कार्ड अस्पताल प्रबंधन की ओर से लिया गया था. भर्ती कराते समय स्वास्थ्य कार्ड से ऑपरेशन करने की बात कही गई थी.
मौत होने के बाद परिजनों ने क्षितिज हॉस्पिटल में जमकर बवाल काटा. इस घटना की सूचना मिलते ही कोरा थाना ने अस्पताल पहुंचकर मामले को शांत कराया. इस संबंध में थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोप की जांच की जा रही है. वही, अस्पताल प्रबंधन ने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया.

