रांची: हिंदपीढ़ी की कोरोना पीड़ित महिला किडनी रोग से भी ग्रसित है. उनका डायलिसिस बरियातु रोड स्थित वैद्य नर्सिंग में किया जा रहा था. वहां ही उनमें कोरोना के लक्षण दिखायी पड़े थे जिसके बाद वहां के चिकित्सक डाॅ अशोक वैद्य के कहने पर ही उक्त महिला का कोरोना परीक्षण के लिए दो दिन पूर्व ही सैंपल लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट सोमवार को पाॅजिटिव के रुप में आयी है. डायलिसिस के दौरान वह अपने हिंदपीढ़ी स्थित आवास पर ही सात सदस्यों के साथ रह रही थी.
Also Read This: ब्रेकिंग: झारखंड में कोरोना पॉजिटिव चौथा मरीज सामने आया
परिवार के अन्य सात सदस्यों को किया गया क्वारंटाइन
हिंदपीढ़ी की कोरोना पीड़ित महिला अपने आवास में परिवार के सात अन्य सदस्यों के साथ रह रही थी जिसके कारण परिवार के सभी सदस्यों को प्रशासन द्वारा क्वारंटाइन किया गया है. इन परिवार के सदस्यों में उनका पति, तीन बेटा, एक बहू व दो पोते शामिल हैं. इन सातों लोगों को खेलगांव में क्वारंटाइन किया गया है, जबकि पीड़िता को रिम्स के आइसोलशन वार्ड में भर्ती कराया गया है. एसडीओ सदर लोकेश मिश्रा ने बताया कि उक्त महिला के कोरोना सहित किडनी का ईलाज व डायलिसिस भी अब रिम्स में ही कराया जाएगा. साथ ही उनके परिवार के सभी सात सदस्यों की भी जांच की जा रही है.
Also Read This: JBVNL का कारनामा
एसडीओ, एडीएम सहित कई अधिकारी पहुंचे हिंदपीढ़ी
हिंदपीढ़ी के दूसरे मामले के पाॅजिटिव होने की सूचना के बाद जिला प्रशासन की सक्रियता और बढ़ गई है. सूचना मिलने के बाद मेडिकल टीम के साथ स्वयं एसडीओ लोकेश मिश्रा, एडीएम अखलेश कुमार सिन्हा, रांची सदर सीओ प्रकाश कुमार, सीटी एसपी, सदर डीएसपी सहित अन्य कई प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी हिंदपीढ़ी पहुंचे और लोगों को चेतावनी देते हुए नाला रोड को खाली कराया. जिसके बाद कोरोना पीड़ित महिला व उनके परिवार के अन्य सदस्यों को दो एंबुलेंस की मदद से ले जाया गया. विदित हो कि चार दिनों पूर्व हिंदपीढ़ी से पहले कोरोना पाॅजिटिव मामले के आने के बाद जब मेडिकल टीम वहां पहुंची थी तो मेडिकल टीम को वहां के लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा था. साथ ही कर्फू लगाये जाने के बाद भी वहां लोगों में लापरवाही बरतने का मामला लगातार प्रकाश में आ रहा था. इन्हीं कारणों को देखते हुए पुलिस बल के साथ प्रशासन के लोग भी मेडिकल टीम के साथ हिंदपीढ़ी पहुंचे थे.

