उत्तर प्रदेश: लॉकडाउन में पैदल घर जा रहे सैकड़ों श्रमिकों ने गुरुवार को मथुरा के बाजना के समीप यमुना एक्सप्रेसवे पर जाम लगा दिया. इसकी सूचना मिलने पर प्रशासन में हड़कंप मच गया. अफसर मौके पर पहुंचे. श्रमिकों ने वाहनों से गंतव्य तक पहुंचाने की मांग की. इस पर अफसरों ने प्राइवेट वाहनों से उन्हें भेजने की व्यवस्था की.
कोरोना संकट के बीच दिल्ली, हरियाणा और नोएडा की ओर से पिछले कई दिन से हजारों प्रवासी मजदूर पैदल अपने गंतव्य की ओर जा रहे हैं. गुरुवार को नोएडा की ओर से आए सैकड़ों श्रमिक यमुना एक्सप्रेसवे के 61 माइलस्टोन पर एकत्र हो गए. आसपास के स्थानीय लोग भी यहां आ गए.
स्थानीय लोगों ने दिया साथ स्थानीय लोगों ने श्रमिकों को उनके घर तक पहुंचाने की मांग को लेकर एक्सप्रेसवे पर जाम लगा दिया. इससे जरूरी सेवाओं में लगे वाहनों की कतारें लग गईं. इस दौरान सामाजिक दूरी की धज्जियां उड़ गई. जाम की सूचना पर पहुंचे एसडीएम कृष्ण दत्त तिवारी और सीओ रवि पाराशर ने श्रमिकों को उनके गंतव्य तक छोड़ने का आश्वासन दिया.
इस आश्वासन पर दो घंटे बाद श्रमिकों ने जाम खोल दिया. पुलिस ने प्राइवेट वाहनों से श्रमिकों को उनके गंतव्य तक भेजना शुरू कर दिया. इस दौरान थाना प्रभारी नौहझील विनोद कुमार, चौकी प्रभारी नीटू सिंह, मुनेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा.

