रांची: कोरोना काल में अब तक सैकड़ों प्रतिष्ठान, कारखाने बंद हो गये हैं. युवाओं का रोजगार छिन रहा है. वे बेरोजगार हो रहे हैं. नियुक्ति भी लगभग ठप पड़ी है. युवाओं की जगह बूढ़ों को रोजगार देने की कवायद हो रही है. सरकार ने नीलाम पत्र पदाधिकारी के पद पर सेवानिवृत्त पदाधिकारियों की नियुक्ति करने का निर्णय लिया है. इस संबंध में विज्ञापन भी जारी कर दिये गये हैं.
ये कहा गया है विज्ञापन में
जिलों में नीलाम पत्र वादों के अधिक संख्या में लंबित रहने एवं पदाधिकारियों की कमी है. इस कारण यह निर्णय लिया गया है कि केन्द्र सरकार अथवा राज्य सरकार के सेवानिवृत्त पदाधिकारियों को संविदा पर नीलाम पत्र पदाधिकारी के पद पर नियुक्ति की जाय. यह नियुक्ति संबंधित जिला के उपायुक्त द्वारा अपने प्रमंडलीय आयुक्त की स्वीकृति प्राप्त कर की जायेगी.
उपायुक्त को देंगे आवेदन
आवेदक अपने इच्छित जिला में नीलाम पत्र पदाधिकारी के पद पर नियुक्ति हेतु उपायुक्त को आवेदन पत्र समर्पित कर सकते हैं. आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 20 सितंबर, 2020 है. नियुक्ति से संबंधित जानकारी एवं आवेदन प्रारूप विभागीय वेबसाईट www.Jharkhand.gov.in के अंतर्गत Revenue, Registration & Land Reforms Department के Publication & Announcement में Recruitment से अथवा सीधे bit.ly/2t6sjFv से डाउनलोड किया जा सकता है.
अवधि विस्तार भी संभव
आवेदक की उम्र विज्ञापन प्रकाशन की तिथि को 64 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए. यह नियुक्ति प्रथम बार एक वर्ष के लिए की जायेगी. Performance के आधार पर उनकी कार्यावधि विस्तार योजना-सह-वित्त विभाग के संकल्प के अनुरूप किया जायेगा.
ये होंगे योग्य
केन्द्र सरकार या राज्य सरकार का कोई सेवानिवृत्त पदाधिकारी जिला नीलाम पत्र पदाधिकारी के रूप में संविदा के आधार पर नियुक्ति के लिए योग्य होंगे. आवेदक को सेवाकाल में किसी प्रकार का दण्ड अधिरोपित नहीं होना चाहिए. आवेदक के विरुद्ध कोई आपराधिक कार्रवाई संचालित नहीं होना चाहिए. आवेदक को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना चाहिए.
एक जिले में आवेदन
आवेदक इस राज्य के किसी एक प्रमुख का चयन करेंगे. उक्त प्रमंडल के अंतर्गत आनेवाले जिलों के लिए वे आवेदन कर सकते हैं. आवेदन जिस जिला में सेवा देने के लिए इच्छुक हों उसी जिला के उपायुक्त के समक्ष आवेदन देंगे. उनका चयन भी उसी जिला के अंतर्गत विचारणीय होगा. रांची धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, बोकारो, देवघर, गोड्डा, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग और गढ़वा जिला में दो-दो एवं शेष पंद्रह जिलों में एक-एक नीलाम पत्र पदाधिकारी की नियुक्ति की जायेगी.

