आज भी कई आइएएस की प्राथमिक सूची में रहती है रांची
रांची : कहते हैं कुछ जगह ऐसे होते हैं जो इंसानों के लिए सफलता के द्वार खोल देता है. कुछ इसी तरह की रही है अपनी रांची. रांची कुछ लोगों के लिए क्रीम जोन रही है. चाहे वो किसी भी क्षेत्र में रहे हों. रांची में अपने कार्यकाल की शुरूआत में रहे कुछ ऐसे आइएएस भी जिन्हें रांची रास आया और आज राज्य के उच्च पदों को सुशोभित किया और वर्तमान में भी कर रहे हैं. उनमें से कुछ आइएएस का जिक्र करना सही होगा. इनमें वर्ष 1970 बैच की आइएएस रहीं स्व लक्ष्मी सिंह जो रांची में डीसी पद को सुशोभित किया और राज्य की मुख्य सचिव तक का सफर पूरा किया. वे 13 दिसंबर 2003 को राज्य की मुख्य सचिव बनायी गयी थीं.
वहीं, दूसरा नाम सुधीर प्रसाद का आता है. इन्हें भी रांची रास आयी. रांची के उपायुक्त रहे और रिटायरमेंट के आने तक राज्य के मुख्य सचिव का पद संभाला. श्री प्रसाद वर्तमान में राज्य खाद्य निगम के अध्यक्ष हैं. इनके बाद सजल चक्रवर्ती ने भी राज्य के उच्च पद को सुशोभित किया. उनकी सफलता के पीछे भी रांची शहर ही रहा. श्री चक्रवर्ती भी रांची में डीसी का पद संभाला था. वर्ष 1987 बैच के आइएएस सुखदेव सिंह भी रांची में उपायुक्त का पद संभाल चुके हैं. वर्तमान में सुखदेव सिंह राज्य के मुख्यद सचिव के पद को सुशोभित कर रहे हैं. रांची ने कई ऐसे आइएएस को अपने सिर पर बिठाया जो बाद में झारखंड के मुख्य सचिव तक का सफर पूरा किया.