धनबाद (महुदा): महुदा थाना क्षेत्र के महुदा मोड़ स्तिथ बिनोद बिहारी महतो के आदमकद प्रतिमा को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना रविवार सुबह सामने आई जब सड़क से गुजरते लोगों की नजर बिनोद बिहारी महतो की प्रतिमा पर गई तो लोग हैरान रह गए। प्रतिमा के नीचे क्षतिग्रस्त सिर पड़ा था। आक्रोश में आये लोगों ने सड़क जाम कर दिया।
ज्ञात हो कि झारखंड राज्य अलग निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले स्व० बिनोद बिहारी महतो की महुदा मोड़ स्थित प्रतिमा को शनिवार की रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे आम लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। लोग सड़क को घंटों जाम कर घटना का विरोध कर रहे थे। सूचना पाकर कांग्रेस नेता सह पूर्व मंत्री जलेश्वर महतो भी पहुंचे और घटना की घोर निंदा करते हुए श्री महतो ने बाघमारा डीएसपी, ग्रामीण एसपी एवं जिले के एसएसपी को दूरभाष पर मामले की जानकारी दी और प्रशासन से दोषियों को अविलंब गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना पाकर बाघमारा डीएसपी मनोज कुमार घटना स्थल पर पहुँचे और घटना का जायगा लिया और कहा कि ऐसे असामाजिक तत्वों को अविलंब गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने का काम करेंगे। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन द्वारा घंटो सड़क जाम को खाली करवा दिया गया।