रांचीः झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में पूर्व सांसद स्वर्गीय ज्ञानरंजन की जयंती प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मनाई गई. इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया.
प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने स्वर्गीय ज्ञानरंजन के व्यक्तित्व और उनके जुझारूपन की चर्चा करते हुए कहा कि स्व. ज्ञानरंजन ने झारखंड अलग राज्य की लड़ाई को मुकाम तक पहुंचाया. उनका पूरा राजनैतिक जीवन झारखंड अलग राज्य के लिए समर्पित था. उन्होंनें अपने पूरे जीवनकाल में कांग्रेस के मजबूती एवं झारखंडवासियों की समृद्धि के लिए लड़ाई लड़ी.
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय ज्ञानरंजन अपने आप में एक आंदोलन थे, झारखंड अलग राज्य के आंदोलन में उन्होंने अग्रणी भूमिका निभाई. झारखंड आंदोलन में इनके योगदान को स्वर्ण अक्षरों में लिखा जायेगा.
श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों में ब्रदी राम, निरंजन पासवान, प्रदेश मीडिया सदस्य अमूल्य नीरज खलखो, दिनेश लाल सिन्हा, नरेन्द्र लाल गोपी, फिरोज रिज्वी मुन्ना, जितेन्द्र त्रिवेदी, नीरज भोक्ता, सुष्मा हेम्ब्रम, संजय तिवारी, अख्तर अली, मो फिरोज आलम, गुलाम रब्बानी, राजेश कुमार वर्मा, राजीव प्रकाश चैधरी, रामानंद केशरी आदि शामिल थे.